Chapter 5उपभोक्ता अधिकार

Teacher guide37 minSources checked

NCERT, आर्थिक विकास की समझ (कक्षा 10), अध्याय 5

This note is written in Hindi.Read in Hindi →

कक्षा — 10 · विषय — अर्थशास्त्र (आर्थिक विकास की समझ) · पृष्ठ — 75 से 89

यह पन्ना किसलिए — पढ़ाने से पहले अध्याय पर अपनी पकड़ पक्की करने के लिए: अध्याय का तर्क, अध्याय के आँकड़े, किताब की परिभाषाएँ, प्रश्नावली के उत्तर, और वे जगहें जहाँ बच्चे अकसर भटकते हैं। कक्षा में किस कालांश में क्या करना है, वह पाठ योजना में है।

सारे पृष्ठ 2026-27 में छपी किताब के हैं। किताब की पंक्तियाँ उद्धरण-चिह्नों में, पृष्ठ-संख्या के साथ दी गई हैं। जो बात किताब की नहीं, हमारी अपनी है, उसके साथ “हमारी ओर से” लिखा है।

अध्याय की पकड़

अध्याय का तर्क — किताब किस क्रम में सोचती है

अध्याय अख़बार की कतरनों और एक सवाल से शुरू होता है: जिस उपभोक्ता के साथ गलत हुआ, वह अपने अधिकार का प्रयोग कैसे करे (पृष्ठ 75)। फिर किताब चार कदमों में चलती है। पहले वह दिखाती है कि बाज़ार में अकेला उपभोक्ता कमज़ोर क्यों है और उसके साथ कैसे-कैसे शोषण होता है। फिर उपभोक्ताओं का जवाब: 1960 के दशक का आंदोलन, जिसके दबाव से 1986 में कोपरा बना। तीसरे कदम में कानून से मिले अधिकार, हर अधिकार एक सच्चे मामले के साथ: रेजी, अमृता, अबिरामी, प्रकाश, और उनके लिए ज़िला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर के आयोग। आख़िर में हिसाब: क्या मिला और क्या अब भी बाकी है।

किताब के चार सवाल

पृष्ठ 75–77नियम क्यों चाहिए?अकेला, बिखरा उपभोक्ता; कम तौल, मिलावट, झूठे दावे
पृष्ठ 77–78उपभोक्ताओं ने क्या किया?1960 के दशक का आंदोलन; 1986 में कोपरा
पृष्ठ 79–84कानून ने क्या दिया?छह अधिकार, चार मामले, तीन स्तर के आयोग
पृष्ठ 84–87अब क्या बाकी है?जागरूकता और चिह्न; 2019 का संशोधन; धीमी और खर्चीली प्रक्रिया
NCERT, पृष्ठ 75–87

किताब के दो वाक्य इस अध्याय की धुरी हैं:

  • “बाज़ार में भी उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए नियम एवं विनियमों की आवश्यकता होती है, क्योंकि अकेला उपभोक्ता प्राय: स्वयं को कमजोर स्थिति में पाता है।” (पृष्ठ 76)
  • “यह अक्सर कहा जाता है कि उपभोक्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही उपभोक्ता आंदोलन प्रभावी हो सकता है। इसके लिए स्वैच्छिक प्रयास और सबकी साझेदारी से युक्त संघर्ष की जरूरत है।” (पृष्ठ 87)

हमारी ओर से — पहला वाक्य अध्याय का सवाल है: अध्याय की हर बात इसी कमज़ोरी का इलाज है। आंदोलन, कानून, आयोग और चिह्न, सब इसलिए हैं कि अकेला उपभोक्ता अकेला न रहे। बच्चे यह पकड़ लें, तो प्रश्न 1, 4 और 5 एक ही धागे में आ जाते हैं।

हमारी ओर से — दूसरा वाक्य अध्याय का जवाब है: किताब यह नहीं कहती कि कानून बन गया तो काम पूरा हुआ। वह कमियाँ ख़ुद गिनाती है (पृष्ठ 86–87) और अंत में उपभोक्ता पर लौटती है। इसीलिए प्रश्न 10 और 11 जैसे उत्तरों का आख़िरी हिस्सा उपभोक्ता की अपनी भागीदारी होता है।

अध्याय के आँकड़े — तथ्य एक नज़र में

आंदोलन और कानून

आँकड़ाकिसकापृष्ठ
1960 के दशकभारत में उपभोक्ता आंदोलन का व्यवस्थित रूप में उदय77
1970 के दशक तकउपभोक्ता संस्थाएँ लेख लिखने और प्रदर्शनी लगाने लगीं; उपभोक्ता दल बने77
1985संयुक्त राष्ट्र ने उपभोक्ता सुरक्षा के लिए दिशा-निर्देश अपनाए78
200 संस्थाएँ, 100 से भी अधिक देशउपभोक्ता इंटरनेशनल इनकी संरक्षक संस्था है78
1986उपभोक्ता सुरक्षा अधिनियम (कोपरा) बना78, 86
2019कोपरा का संशोधन78, 87
सन् 2005 का अक्टूबरसूचना पाने का अधिकार कानून लागू हुआ80
24 दिसंबरराष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस; 1986 में इसी दिन संसद ने अधिनियम पारित किया86
6पृष्ठ 86 की सूची में कोपरा के अधिकार86
2000 से अधिक · 50–60देश के उपभोक्ता संगठन · इनमें पूर्ण संगठित और मान्यता प्राप्त86
35 वर्षकिताब के शब्दों में, “कोपरा के अधिनियम के 35 वर्ष बाद भी” उपभोक्ता ज्ञान बहुत धीरे फैल रहा है (1986 से 2019 तक 33 वर्ष होते हैं; 35 वर्ष 2021 तक की गिनती है)87

मामलों की रकमें

आँकड़ाकिसकापृष्ठ
5,00,000 रुपयेरेजी के पिता का मुआवज़े का दावा, राज्य आयोग में79
करीब 61,020 रुपयेअबिरामी ने दो वर्ष की पढ़ाई के लिए जमा किए81
28,000 रुपयेज़िला आयोग ने अबिरामी को लौटाने का आदेश दिया (यह 61,020 का ठीक आधा, 30,510, नहीं है; बच्चे पूछें तो किताब की रकम ही लिखवाइए)81
25,000बेकार की अपील के लिए राज्य आयोग ने संस्थान पर दंड लगाया81
7,000 रुपयेराज्य आयोग ने अबिरामी को मुआवज़े और याचिका खर्च के रूप में देने को कहा81

आयोगों की सीमाएँ, किताब के अनुसार

दावे की रकमकौन-सा आयोगपृष्ठ
1 करोड़ तकज़िला आयोग84
1 करोड़ से 10 करोड़ तकराज्य आयोग84
10 करोड़ से ऊपरराष्ट्रीय आयोग84

लोग और मामले

व्यक्तिक्या हुआपृष्ठ
रेजी मेथ्यू, केरलकक्षा 9 का छात्र; टॉन्सिल के ऑपरेशन में अनुचित बेहोशी से जीवन भर के लिए अपंग; राज्य आयोग में मामला खारिज, राष्ट्रीय आयोग ने अस्पताल को लापरवाही का दोषी पाकर हर्जाना देने का निर्देश दिया79
अमृताइंजीनियरिंग स्नातक; इंटरव्यू का परिणाम नहीं मिला; सूचना पाने का अधिकार कानून के तहत प्रार्थना-पत्र से देरी के कारण और नियुक्ति का बुलावा मिला80
अबिरामी, अंसारी नगरदिल्ली के कोचिंग संस्थान ने एक साल की फ़ीस लौटाने से मना किया; ज़िला और राज्य आयोग, दोनों ने उसके पक्ष में फ़ैसला दिया81
प्रकाशबेटी की शादी के लिए भेजा मनीऑर्डर नहीं पहुँचा; परिषद् से सलाह लेकर नयी दिल्ली के ज़िला स्तर के आयोग में मुकदमा, ख़ुद बहस की82–83
अरितादोषयुक्त दीवार घड़ी; ज़िला आयोग ने नई घड़ी देने का आदेश दिया84
श्रीमती कृष्णा6 महीने की वारंटी वाला टी.वी. तीन महीने बाद बंद; परियोजना में उनके लिए आयोग को पत्र88

छह अधिकार, अध्याय के क्रम में

अधिकारपृष्ठकिताब का मामला या उदाहरण
सुरक्षा79रेजी; प्रेशर कूकर का सेफ्टी वॉल्व
सूचना80पैकेट की जानकारी; अधिकतम खुदरा मूल्य; अमृता
चयन81अबिरामी; दंतमंजन के साथ ब्रश, गैस कनेक्शन के साथ चूल्हा
क्षतिपूर्ति निवारण82प्रकाश
प्रतिनिधित्व84उपभोक्ता संरक्षण परिषदें; त्रिस्तरीय आयोग
उपभोक्ता शिक्षा84–86सरकारी विज्ञापन; गुणवत्ता के चिह्न

ध्यान दीजिए:

  • 5,00,000 रुपये रेजी के पिता का दावा है। किताब हर्जाना देने का निर्देश बताती है, उसकी रकम नहीं। इसे मिली हुई रकम मत लिखवाइए।
  • पृष्ठ 79 के बॉक्स में “राज्य उपभोक्ता विवाद निवारण समिति” और राष्ट्रीय समिति छपा है; अध्याय में आगे यही आयोग कहलाते हैं (पृष्ठ 82, 84)। बच्चे उत्तर में आयोग लिखें।
  • अबिरामी के मामले में संस्थान पर लगा 25,000 का दंड किसे मिलेगा, यह किताब नहीं बताती। इस पर सवाल मत बनाइए।
  • प्रकाश के मामले में किताब का पाठ कोई रकम नहीं बताता; फ़ैसले के बारे में बस इतना कि जज ने आयोग का फ़ैसला सुनाया।
  • आयोगों की सीमाएँ, यानी 1 करोड़ और 10 करोड़, किताब की हैं। परीक्षा के उत्तर में यही लिखवाइए; आज के नियम अतिरिक्त सामग्री में हैं।
  • कानून का नाम पृष्ठ 78 पर “उपभोक्ता सुरक्षा अधिनियम” और पृष्ठ 86 पर उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम छपा है। दोनों एक ही कानून हैं, यानी कोपरा।
  • कुछ शब्द किताब में इसी रूप में छपे हैं: “अबिरामी”, “7,000 रूपये”, “10 करोड़ से उपर”। उद्धरण में वैसा ही रखिए; अपने शब्दों में रुपये और ऊपर लिखवाइए।
  • पृष्ठ 84 और 85 के सरकारी पोस्टरों पर छपे हेल्पलाइन के घंटे और वेबसाइट आज के नहीं हैं। फ़ोन से शिकायत का आज का रास्ता अतिरिक्त सामग्री में है।

मुख्य शब्द — किताब की परिभाषाएँ

शब्दकिताब क्या कहती हैपृष्ठ
उपभोक्ताबाज़ार में हम उत्पादक भी हैं और उपभोक्ता भी: “बाज़ार में हमारी भागीदारी उत्पादक और उपभोक्ता दोनों रूपों में होती है।” उपभोक्ता वह है जो अपनी ज़रूरत की वस्तुएँ या सेवाएँ खरीदता है76
उपभोक्ता आंदोलनउपभोक्ता के हितों को अनैतिक और अनुचित व्यवसाय से बचाने के लिए ‘सामाजिक बल’ के रूप में खड़ा हुआ संघर्ष77
कोपरा1986 में बना उपभोक्ता सुरक्षा अधिनियम; 2019 में संशोधन78
सुरक्षा का अधिकारजीवन और संपत्ति के लिए खतरनाक वस्तुओं और सेवाओं से सुरक्षित रहने का अधिकार79
सूचना का अधिकारजो वस्तु या सेवा खरीदी, उसके बारे में सूचना पाने का अधिकार: अवयव, मूल्य, बैच संख्या, निर्माण और अंतिम तिथि, बनाने वाले का पता80
अधिकतम खुदरा मूल्यपैकेट पर छपा मूल्य; इससे अधिक लेने पर कोई भी शिकायत कर सकता है, इससे कम के लिए मोल-भाव हो सकता है80
सूचना पाने का अधिकार कानून“सन् 2005 के अक्टूबर में” लागू; नागरिकों को सरकारी विभागों के कामकाज की सभी सूचनाएँ पाने का अधिकार80
चयन का अधिकारकिसी भी आयु या लिंग का उपभोक्ता, कोई भी सेवा लेते हुए, हमेशा चुन सकता है; बिना चाही वस्तु थोपी नहीं जा सकती81
क्षतिपूर्ति निवारण का अधिकार“यदि एक उपभोक्ता को कोई क्षति पहुँचाई जाती है, तो क्षति की मात्रा के आधार पर उसे क्षतिपूर्ति पाने का अधिकार होता है।”82
क्लास एक्शन सूटउपभोक्ताओं का समूह के रूप में शिकायत दर्ज कराना82
उपभोक्ता संरक्षण परिषद्आंदोलन से बने स्वयंसेवी संगठन; मुकदमा दर्ज करने का रास्ता बताते हैं, कई बार आयोग में प्रतिनिधित्व करते हैं84
त्रिस्तरीय न्यायिक तंत्रकोपरा के तहत ज़िला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर के उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग; एक स्तर से अगले में अपील84
प्रतिनिधित्व का अधिकार“इस प्रकार, अधिनियम ने उपभोक्ता के रूप में उपभोक्ता न्यायालय में प्रतिनिधित्व का अधिकार देकर हमें समर्थ बनाया है।”84
उपभोक्ता शिक्षा का अधिकारजागरूक उपभोक्ता बनने के लिए ज़रूरी ज्ञान और निपुणता पाने का अधिकार84–86
गुणवत्ता के चिह्नआई.एस.आई., एगमार्क, हॉलमार्क जैसे शब्दचिह्न; संगठन लोगो लगाने की अनुमति तभी देते हैं, जब उत्पादक श्रेष्ठ गुणवत्ता का पालन करे85
राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस24 दिसंबर, जिस दिन 1986 में संसद ने अधिनियम पारित किया86

आगे की कक्षाओं और दूसरे विषयों से जोड़

  • अध्याय 3, मुद्रा और साख। किताब ख़ुद (पृष्ठ 76) याद दिलाती है कि अनौपचारिक साहूकार कर्ज़दार को बाँधते हैं और स्वप्ना जैसी महिला को ज़मीन बेचने पर मजबूर कर सकते हैं। बाज़ार में नियमों की ज़रूरत वहीं से शुरू होती है। मुद्रा और साख की संदर्शिका देखिए।
  • अध्याय 2, भारतीय अर्थव्यवस्था के क्षेत्रक। पृष्ठ 76 असंगठित क्षेत्र के मज़दूरों के लिए नियमों की बात करता है, और पृष्ठ 87 कहता है: “श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए कानूनों के लागू होने के बावजूद, खास तौर से असंगठित क्षेत्र में ये कमजोर हैं।” क्षेत्रक की संदर्शिका देखिए।
  • हमारी ओर से — अध्याय 4, वैश्वीकरण। पृष्ठ 76 की बड़ी कंपनियाँ, जो पूँजी के बल पर बाज़ार को प्रभावित करती हैं, पिछले अध्याय की बहुराष्ट्रीय कंपनियों से जोड़कर देखी जा सकती हैं। वैश्वीकरण की संदर्शिका देखिए।
  • हमारी ओर से — अध्याय 1, विकास। पृष्ठ 76 पर्यावरण की सुरक्षा के लिए भी नियमों की बात करता है; विकास वाले अध्याय की टिकाऊपन की बात यहाँ जुड़ती है। विकास की संदर्शिका देखिए।
  • हमारी ओर से — भाषा की घंटी से। किताब के निर्देश (पृष्ठ 74) कहते हैं कि इस अध्याय में छात्र पत्र लेखन और वार्तालाप में हिस्सा ले सकते हैं, और पृष्ठ 88 की पहली परियोजना पोस्टर के लिए अंग्रेज़ी शिक्षक की मदद लेने को कहती है। श्रीमती कृष्णा वाला शिकायत-पत्र हिंदी की कक्षा के औपचारिक पत्र से जोड़ा जा सकता है।

किताब की प्रश्नावली के उत्तर

पृष्ठ 77 का कार्यकलाप — बाज़ार में शोषण और सरकार की भूमिका

किताब की बात (पृष्ठ 76–77): अकेला उपभोक्ता कमज़ोर स्थिति में होता है। दुकानदार कम तौलते हैं, व्यापारी बिना बताए शुल्क जोड़ते हैं, मिलावटी या दोषपूर्ण वस्तुएँ बिकती हैं, और बड़ी कंपनियाँ मीडिया और दूसरे स्रोतों से गलत सूचना देती हैं।

1. बाज़ार में लोगों का शोषण किन-किन तरीकों से हो सकता है?

नमूना उत्तर — कम तौलना; पहले न बताए गए शुल्क जोड़ना; मिलावटी या दोषपूर्ण वस्तुएँ बेचना (पृष्ठ 76); बड़ी कंपनियों का गलत सूचना देना और झूठे दावे करना, जैसे शिशुओं के दूध के पाउडर को माँ के दूध से बेहतर बताना; और सामान ऐसा बनाना कि जल्दी बेकार हो जाए, जैसा पृष्ठ 76 का कार्टून दिखाता है।

2. अपने अनुभव से कोई उदाहरण लीजिए, जहाँ आपको लगा हो कि बाज़ार में ‘धोखा’ दिया जा रहा था।

नमूना उत्तर — हर बच्चे का अनुभव अलग होगा। किताब से मिलते-जुलते उदाहरण: पैकेट पर छपे मूल्य से अधिक लेना (पृष्ठ 81), बाट की जगह पत्थर से तौलना (पृष्ठ 89), दंतमंजन के साथ ज़बरदस्ती ब्रश बेचना (पृष्ठ 81)। चर्चा में यह भी पूछिए कि रसीद थी या नहीं, और शिकायत हुई या नहीं।

3. उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए सरकार की क्या भूमिका होनी चाहिए?

नमूना उत्तर — किताब में सरकार की भूमिका: नियम और विनियम बनाना (पृष्ठ 77), कोपरा जैसा कानून (पृष्ठ 78), शिकायत के लिए त्रिस्तरीय आयोग (पृष्ठ 84), उपभोक्ता मामलों के अलग विभाग और विज्ञापनों से जागरूकता, और कुछ वस्तुओं के लिए प्रमाण अनिवार्य करना (पृष्ठ 85)। साथ ही नियमों का ठीक पर्यवेक्षण, क्योंकि उसकी कमी से निम्न गुणवत्ता का माल बिकता है (पृष्ठ 79)।

पृष्ठ 78 का कार्यकलाप — उपभोक्ता दल और नियमों का पालन

किताब की बात (पृष्ठ 77–78): 1970 के दशक तक उपभोक्ता संस्थाएँ लेख लिखने और प्रदर्शनी लगाने लगीं, और सड़क यात्री परिवहन और राशन दुकानों पर नज़र रखने के लिए उपभोक्ता दल बने। आंदोलन ने कंपनियों और सरकार पर दबाव डाला।

1. उपभोक्ता दल कौन-कौन से उपाय अपना सकते हैं?

नमूना उत्तर — उपभोक्ता अधिकार पर लेख लिखना और प्रदर्शनी लगाना; सड़क यात्री परिवहन और राशन दुकानों पर नज़र रखना (पृष्ठ 77); कंपनियों और सरकार पर दबाव डालना (पृष्ठ 78); लोगों को मुकदमा दर्ज करने का रास्ता बताना, आयोग में उनका प्रतिनिधित्व करना और जागरूकता फैलाना (पृष्ठ 84)।

2. नियम और कानून होने पर भी उनका पालन क्यों नहीं होता?

नमूना उत्तर — किताब के कारण: “इन नियमों का पर्यवेक्षण उचित रूप से नहीं हो रहा है और उपभोक्ता आंदोलन भी बहुत ज्यादा मजबूत नहीं है।” (पृष्ठ 79); शिकायत की प्रक्रिया जटिल, खर्चीली और लंबी है, रसीद नहीं मिलती, और ज़्यादातर खरीद छोटी दुकानों से होती है (पृष्ठ 86); उपभोक्ता ज्ञान धीरे फैल रहा है (पृष्ठ 87)।

पृष्ठ 79 का कार्यकलाप — सुरक्षा के नियम

किताब की बात (पृष्ठ 79): कई वस्तुएँ और सेवाएँ जीवन और संपत्ति के लिए खतरनाक हो सकती हैं, इसलिए उत्पादकों को सुरक्षा के नियम मानने होते हैं। उदाहरण प्रेशर कूकर का है: सेफ्टी वॉल्व खराब हो तो भयंकर दुर्घटना हो सकती है।

1. इन उत्पादों और सेवाओं में उत्पादकों को किन सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए: (क) एल.पी.जी. सिलेंडर (ख) सिनेमा थिएटर (ग) सर्कस (घ) दवाइयाँ (च) खाद्य तेल (छ) विवाह पंडाल (ज) एक बहुमंजिली इमारत?

नमूना उत्तर — किताब से जुड़े तीन: (क) एल.पी.जी. सिलेंडर के लिए प्रमाण अनिवार्य है, और उपभोक्ता को वज़न भी जाँचना चाहिए (पृष्ठ 85, 89)। (घ) दवाइयों पर उचित प्रयोग के निर्देश, खतरों की जानकारी और अंतिम तिथि छपी हो; अंतिम तिथि निकल चुकी दवा बेचने वालों पर कार्यवाही हो सकती है (पृष्ठ 80)। (च) खाद्य तेल में मिलावट न हो; एगमार्क अनाजों और खाद्य तेल का प्रमाण है (पृष्ठ 77, 85; प्रश्न 12)। (ख), (ग), (छ) और (ज) में एक साथ बहुत लोग होते हैं; वहाँ आग, बिजली और भीड़ से बचाव के इंतज़ाम पर चर्चा कीजिए। इन चार के लिए किताब में कोई तय उत्तर नहीं है। सूची में (ङ) नहीं छपा है; अक्षर किताब वाले ही रखिए।

2. आसपास किसी दुर्घटना या लापरवाही का पता कीजिए, जिसके लिए आपको उत्पादक ज़िम्मेदार लगे।

नमूना उत्तर — उदाहरण आसपास से आएगा। उसे रेजी के मामले की तरह परखिए: गलती किसकी थी, कौन-सा अधिकार टूटा (सुरक्षा का), और पीड़ित किस आयोग में जा सकता था (दावे की रकम के हिसाब से, पृष्ठ 84)।

पृष्ठ 81 का कार्यकलाप — छपा मूल्य, पैकेट और सूचना का कानून

किताब की बात (पृष्ठ 80): पैकेट पर अवयव, मूल्य, बैच संख्या, निर्माण की तारीख, अंतिम तिथि और बनाने वाले का पता होता है। छपे मूल्य से अधिक लेने पर कोई भी शिकायत कर सकता है। “सन् 2005 के अक्टूबर में” सूचना पाने का अधिकार कानून लागू हुआ।

1. कभी पैकेट पर छपे मूल्य से अधिक और कभी कम दाम क्यों लिया जाता है? क्या उपभोक्ता समूह इसमें कुछ कर सकते हैं?

नमूना उत्तर — छपा मूल्य अधिकतम खुदरा मूल्य है। अधिक दाम तब लिया जाता है जब विक्रेता शोषण करे और खरीदार जागरूक न हो; यह गलत है और इसकी शिकायत हो सकती है। कम दाम इसलिए हो सकता है कि अधिकतम खुदरा मूल्य से कम के लिए मोल-भाव किया जा सकता है (पृष्ठ 80)। उपभोक्ता समूह लोगों को जागरूक कर सकते हैं और शिकायत दर्ज कराने में मदद कर सकते हैं (पृष्ठ 84)।

2. कुछ डिब्बाबंद वस्तुओं के पैकेट लेकर उन पर दी गई जानकारी जाँचिए। वह कैसे उपयोगी है, और कौन-सी जानकारी और होनी चाहिए?

नमूना उत्तर — पैकेट पर किताब की सूची देखिए: अवयव, मूल्य, बैच संख्या, निर्माण की तारीख, अंतिम तिथि और बनाने वाले का पता (पृष्ठ 80)। ये उपयोगी हैं, क्योंकि इनसे खराब या पुरानी वस्तु पहचानी जाती है, वस्तु बदलने या मुआवज़े की माँग की जा सकती है, और अधिक दाम देने से बचा जा सकता है। कौन-सी जानकारी कम है, यह हर बच्चा अपने पैकेट से लिखेगा।

3. खराब सड़क, दूषित पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं की शिकायतें कोई नहीं सुनता; अब यह कानून आपको प्रश्न पूछने का अधिकार देता है। क्या आप सहमत हैं?

नमूना उत्तर — हाँ। सूचना पाने का अधिकार कानून नागरिकों को सरकारी विभागों के कामकाज की सभी सूचनाएँ पाने का अधिकार देता है। अमृता ने इसी कानून से अपने परिणाम की देरी का कारण जाना और नियुक्ति का बुलावा पाया (पृष्ठ 80)। इसी तरह सड़क या पानी के काम के बारे में भी सूचना माँगी जा सकती है।

पृष्ठ 82 का कार्यकलाप — लुभाने वाले विज्ञापन

किताब की बात (पृष्ठ 82): छह प्रस्ताव, यानी 500 ग्राम पर 15 ग्राम अतिरिक्त, अखबार के ग्राहक बनने पर साल के अंत में उपहार, खुरचकर 10 लाख तक का इनाम, 500 ग्राम ग्लूकोज़ के डिब्बे में चॉकलेट, पैकेट में सोने का सिक्का, और 2000 रुपये तक के जूते पर 500 रुपये तक का जोड़ी मुफ़्त।

1. इनमें वास्तव में क्या कोई ऐसा विज्ञापन है, जो सचमुच में उपभोक्ताओं को लाभ पहुँचाता हो?

नमूना उत्तर — ये प्रस्ताव लुभाने के लिए हैं। हर एक पर तीन सवाल पूछिए: क्या दाम वही है, क्या इनाम पक्का है या किस्मत पर, और क्या “मुफ़्त” चीज़ की कीमत पहले से दाम में जुड़ी हो सकती है? 500 ग्राम पर 15 ग्राम अतिरिक्त का लाभ नापा जा सकता है, अगर दाम न बढ़ा हो; इनाम और सिक्के वाले प्रस्ताव किस्मत पर टिके हैं। पृष्ठ 89 की प्रश्नावली आकर्षक प्रस्तावों पर बेहिचक प्रतिक्रिया करने को जागरूकता की कमी मानती है।

पृष्ठ 84 का कार्यकलाप — अरिता की दीवार घड़ी

किताब की बात (पृष्ठ 84): अरिता की दोषयुक्त दीवार घड़ी के आठ कदम (क) से (ज) तक उलट-पुलट दिए गए हैं। इस सूची में (ङ) की जगह “(ड.)” छपा है।

1. अरिता के मामले के कदमों को सही क्रम में रखिए।

नमूना उत्तर — (छ) दीवार घड़ी खरीदी → (ग) लगा कि घड़ी दोषयुक्त है → (ड.) शाखा कार्यालय में डीलर के ख़िलाफ़ शिकायत, कोई असर नहीं → (ख) शिकायत के लिए पेशेवर व्यक्ति से मिली → (क) ज़िला आयोग में मुकदमा दायर किया → (च) आयोग ने पहले बिल और वारंटी माँगे → (घ) आयोग की कार्यवाही में भाग लिया → (ज) कुछ महीनों में आयोग ने नई घड़ी देने का आदेश दिया। कोई बच्चा (ख) को (ड.) से पहले रखे, या (च) और (घ) अदल-बदल दे, तो उसका कारण सुनिए।

पृष्ठ 86 का कार्यकलाप — पोस्टर, आयोग और छह अधिकार

किताब की बात (पृष्ठ 86): कोपरा के छह अधिकार इस क्रम में छपे हैं: (क) चयन (ख) सूचना (ग) निवारण (घ) प्रतिनिधित्व (च) सुरक्षा (छ) उपभोक्ता शिक्षा। इस पन्ने का कार्यकलाप पोस्टर, आयोग, परिषद्, छह मामलों और गुणवत्ता के चिह्नों पर है।

1. इस अध्याय के पोस्टर और कार्टून देखकर किसी एक वस्तु पर उपभोक्ता की नज़र से पोस्टर बनाइए।

नमूना उत्तर — एक वस्तु चुनिए, जैसे प्रेशर कूकर या दवा, और पोस्टर में उसकी सुरक्षा, पैकेट की जानकारी, अधिकतम खुदरा मूल्य, गुणवत्ता का चिह्न और शिकायत का रास्ता दिखाइए (पृष्ठ 79–85)। पृष्ठ 84 और 85 के सरकारी पोस्टर नमूने का काम करेंगे।

2. अपने क्षेत्र के सबसे नज़दीकी उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग का पता कीजिए।

नमूना उत्तर — यह हर ज़िले में अलग होगा। किताब के अनुसार ज़िला स्तर का आयोग 1 करोड़ तक के दावे सुनता है (पृष्ठ 84)। बच्चे अपने ज़िले के आयोग का पता लिखकर कक्षा में साझा करें।

3. उपभोक्ता संरक्षण परिषद् और उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग में क्या अंतर है?

नमूना उत्तर — परिषद् उपभोक्ता आंदोलन से बना स्वयंसेवी संगठन है: वह बताती है कि मुकदमा कैसे दर्ज करें, कई बार आयोग में उपभोक्ता का प्रतिनिधित्व करती है, और जागरूकता के लिए सरकार से वित्तीय सहयोग पाती है; प्रकाश यहाँ सलाह लेने गए थे। आयोग कोपरा के तहत बना त्रिस्तरीय न्यायिक तंत्र है (ज़िला, राज्य, राष्ट्रीय): यहाँ मुकदमा दर्ज होता है, जज दस्तावेज़ जाँचते हैं, दोनों पक्षों को सुनते हैं और फ़ैसला सुनाते हैं (पृष्ठ 83–84)।

4. इन मामलों को सही अधिकार के खाने में रखिए।

नमूना उत्तर —

  • (क) लता को नए आयरन-प्रेस से बिजली का झटका लगा: सुरक्षा का अधिकार; उसने तुरंत दुकानदार से शिकायत की, इसलिए यह निवारण से भी जुड़ता है।
  • (ख) जॉन ने टेलीफ़ोन सेवा से असंतुष्ट होकर ज़िला स्तर पर मुकदमा किया: प्रतिनिधित्व का अधिकार; यह निवारण से भी जुड़ता है।
  • (ग) आपके मित्र ने समाप्ति तारीख निकल चुकी दवा खरीदी और आप उसे शिकायत करने की सलाह दे रहे हैं: उपभोक्ता शिक्षा का अधिकार; शिकायत के कारण यह निवारण से भी जुड़ता है।
  • (घ) इकबाल खरीदने से पहले आवरण की सारी जानकारी जाँचता है: सूचना का अधिकार।
  • (च) केबल ऑपरेटर की सेवा से असंतुष्ट हैं, पर कोई विकल्प नहीं: चयन का अधिकार।
  • (छ) खराब कैमरे की मुख्य कार्यालय में दृढ़ता से शिकायत: निवारण का अधिकार।

(ख) और (ग) में कारण के साथ दिया गया दूसरा अधिकार भी ठीक मानिए।

5. अगर मानकीकरण गुणवत्ता पक्की करता है, तो बहुत-सी वस्तुएँ बिना आई.एस.आई. या एगमार्क के क्यों मिलती हैं?

नमूना उत्तर — क्योंकि “सभी उत्पादकों का इन मानदण्डों का पालन करना जरूरी नहीं होता।” (पृष्ठ 85) प्रमाण केवल उन वस्तुओं के लिए अनिवार्य है जो सुरक्षा और स्वास्थ्य पर असर डालती हैं या बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होती हैं, जैसे एल.पी.जी. सिलिंडर, खाने के रंग और उनमें डाली जाने वाली सामग्री, सीमेंट और बोतलबंद पेयजल।

6. हॉलमार्क या आई.एस.ओ. प्रमाणन देने वालों के बारे में जानकारी इकट्ठा कीजिए।

नमूना उत्तर — बच्चे आसपास के सुनार या दुकानदार से पूछें कि उनके सामान पर कौन-सा चिह्न है और वह किस संस्था से मिला। किताब (पृष्ठ 85) बस इतना बताती है कि ऐसे संगठन उत्पादक को लोगो तभी लगाने देते हैं, जब वह श्रेष्ठ गुणवत्ता का पालन करे। जो बच्चा संस्था का नाम लाए, उससे पूछिए कि उसने किससे पूछा।

पृष्ठ 88 की परियोजना — पोस्टर, शिकायत-पत्र और सर्वेक्षण

किताब की बात (पृष्ठ 88): छह परियोजनाएँ।

  1. 1उपभोक्ता जागरूकता सप्ताह का पोस्टर, पृष्ठ 84 और 85 के विज्ञापनों से विचार लेकर।
  2. 2श्रीमती कृष्णा के लिए उपभोक्ता आयोग को पत्र: 6 महीने की वारंटी वाला रंगीन टी.वी. तीन महीने बाद बंद हो गया, इंजीनियर के बाद भी बार-बार खराब हुआ, और दुकानदार ने शिकायतों का जवाब नहीं दिया।
  3. 3विद्यालय में उपभोक्ता क्लब।
  4. 4नारों वाले विज्ञापन, जैसे “सतर्क उपभोक्ता ही सुरक्षित उपभोक्ता है।” (5) चार-पाँच लोगों से उनके साथ हुए शोषण पर बातचीत। (6) पृष्ठ 89 की प्रश्नावली से सर्वेक्षण।

1. इन परियोजनाओं को कैसे जाँचें?

नमूना उत्तर (हमारी ओर से) — नतीजे हर जगह अलग होंगे, इसलिए किसी एक उत्तर से मिलान मत कीजिए। पोस्टर में छह में से अधिक से अधिक अधिकार और शिकायत का रास्ता हो। पत्र में सेवा में, विषय, क्या खरीदा और कब, क्या हुआ, क्या माँगा, और साथ में बिल और वारंटी कार्ड हों; अरिता के मामले में भी आयोग ने पहले यही माँगे थे (पृष्ठ 84)। पत्र ज़िला आयोग को जाए, क्योंकि टी.वी. का दावा 1 करोड़ से बहुत कम है। पूरा नमूना पत्र रिवीजन नोट्स में है। बातचीत और सर्वेक्षण में देखिए कि हर बात के साथ लिखा हो कि वह किससे मिली, और किसी का नाम बिना पूछे न छपे।

पृष्ठ 89 की प्रश्नावली

किताब की बात (पृष्ठ 89): 17 प्रश्न, जैसे रसीद माँगना और रखना, शिकायत करना, आई.एस.आई. चिह्न और समाप्ति तिथि जाँचना, वज़न जाँचना, ब्रांड और दाम की तुलना, आकर्षक प्रस्ताव, और ऑटो में मीटर से चलने की माँग। हर प्रश्न पर एक खाने में निशान: हमेशा (क), कभी-कभी (ख) या कभी नहीं (ग)।

1. नतीजा कैसे निकालें?

नमूना उत्तर — किताब की टिप्पणी के अनुसार: प्रश्न 5, 12, 13, 15 और 16 पर ‘ग’ और बाकी सब पर ‘क’ हो, तो उपभोक्ता पूरी तरह जागरूक है। इन्हीं पाँच पर ‘क’ और बाकी सब पर ‘ग’ हो, तो जागरूक होने की ज़रूरत है। सभी पर ‘ख’ हो, तो आंशिक रूप से जागरूक। (हमारी ओर से) इन पाँचों में “हमेशा” लापरवाही की आदत दिखाता है: ठगे जाने को अपना दुर्भाग्य मान लेना (5), ऊँची कीमत को ऊँची गुणवत्ता मान लेना (12), आकर्षक प्रस्तावों पर बेहिचक प्रतिक्रिया करना (13), नियमित दुकानदार पर आँख मूँदकर भरोसा (15), और वज़न की शंका के बिना होम डिलिवरी मान लेना (16)।

हमारी ओर से। कक्षा में यह प्रश्नावली बच्चों से अपने घर के बारे में भरवाते समय किसी के उत्तर सबके सामने मत पढ़िए। गिनती समूह की कीजिए, किसी एक घर की नहीं।

1 से 4 तक के प्रश्न — उत्तर के मुख्य बिंदु

प्रश्न 1 — बाज़ार में नियम क्यों (पृष्ठ 76–77)

  1. अकेला उपभोक्ता अक्सर कमज़ोर स्थिति में होता है; शिकायत होने पर विक्रेता सारी ज़िम्मेदारी खरीदने वाले पर डालने की कोशिश करता है।
  2. उत्पादक थोड़े और शक्तिशाली हैं, उपभोक्ता कम मात्रा में खरीदते हैं और बिखरे हुए हैं; ऐसे में बाज़ार ठीक से काम नहीं करता।
  3. किताब के उदाहरण: कम तौलना, पहले न बताए गए शुल्क जोड़ना, मिलावटी या दोषपूर्ण वस्तुएँ बेचना; शिशुओं के दूध का पाउडर माँ के दूध से बेहतर बताकर बेचना; सिगरेट कंपनियों से कैंसर का ख़तरा मनवाने के लिए अदालत में लंबी लड़ाई।
  4. निष्कर्ष: उपभोक्ताओं की सुरक्षा पक्की करने के लिए नियम और विनियम चाहिए।

जाँचते समय: उदाहरण कम से कम दो हों, और आख़िर में निष्कर्ष लिखा हो। केवल उदाहरणों की सूची अधूरा उत्तर है।

नमूना उत्तर — बाज़ार में अकेला उपभोक्ता कमज़ोर होता है। उत्पादक थोड़े और ताक़तवर हैं, जबकि उपभोक्ता बिखरे हुए हैं और कम मात्रा में खरीदते हैं। इसलिए दुकानदार कम तौल सकते हैं, मिलावटी सामान बेच सकते हैं, और बड़ी कंपनियाँ झूठे दावे कर सकती हैं, जैसे एक कंपनी ने शिशुओं के दूध के पाउडर को माँ के दूध से बेहतर बताकर कई वर्षों तक बेचा। ऐसे शोषण से बचाने के लिए नियम और विनियम ज़रूरी हैं।

प्रश्न 2 — आंदोलन के कारण और विकास (पृष्ठ 77–78)

  1. कारण: अनुचित व्यावसायिक व्यवहार, शोषण से बचाने की कोई कानूनी व्यवस्था नहीं, और सावधानी की पूरी ज़िम्मेदारी खरीदने वाले पर।
  2. 1960 के दशक में अत्यधिक खाद्य कमी, जमाखोरी, कालाबाज़ारी और खाद्य पदार्थों व खाद्य तेल में मिलावट ने आंदोलन को व्यवस्थित रूप दिया।
  3. विकास: ‘सामाजिक बल’ के रूप में जन्म; 1970 के दशक तक लेख, प्रदर्शनी और उपभोक्ता दल; हाल में उपभोक्ता दलों की संख्या में भारी वृद्धि।
  4. कंपनियों और सरकार पर दबाव का नतीजा 1986 का कोपरा, जिसका 2019 में संशोधन हुआ।

जाँचते समय: कारण और विकास अलग-अलग लिखे हों। जो बच्चा आंदोलन की शुरुआत 1986 लिखे, उसकी भूल पकड़िए: 1986 में कानून बना, आंदोलन उससे पहले का है।

नमूना उत्तर — विक्रेताओं के अनुचित व्यवहार से उपभोक्ताओं में असंतोष था और उन्हें बचाने की कोई कानूनी व्यवस्था नहीं थी। 1960 के दशक में खाद्य कमी, जमाखोरी, कालाबाज़ारी और मिलावट ने उपभोक्ता आंदोलन को व्यवस्थित रूप दिया। 1970 के दशक तक उपभोक्ता संस्थाएँ लेख और प्रदर्शनी करने लगीं और उपभोक्ता दल बने। आंदोलन के दबाव से 1986 में कोपरा बना, जिसका 2019 में संशोधन हुआ।

प्रश्न 3 — जागरूकता की ज़रूरत, दो उदाहरण (पृष्ठ 80–81, 84, 87)

  1. अपने अधिकारों के प्रति सचेत उपभोक्ता ही अच्छे और बुरे में फ़र्क करके सबसे अच्छा चुनाव कर पाता है (पृष्ठ 84)।
  2. अमृता: सूचना पाने का अधिकार कानून से देरी के कारण जाने और नियुक्ति का बुलावा पाया (पृष्ठ 80)।
  3. अबिरामी: ज़िला आयोग से 28,000 रुपये लौटाने का आदेश पाया (पृष्ठ 81)।
  4. किताब के अनुसार उपभोक्ता ज्ञान अब भी बहुत धीरे फैल रहा है (पृष्ठ 87)।

जाँचते समय: हर उदाहरण में यह दिखे कि जागरूक होने से उपभोक्ता को क्या मिला। अपने आसपास के उदाहरण भी ठीक हैं, अगर उनमें यही बात हो।

नमूना उत्तर — जागरूक उपभोक्ता अपना अधिकार जानता है, इसलिए ठगे जाने पर चुप नहीं रहता। अमृता ने सूचना पाने का अधिकार कानून से प्रार्थना-पत्र दिया, तो उसे परिणाम में देरी का कारण भी बताया गया और नियुक्ति का बुलावा भी मिला। अबिरामी ने कोचिंग संस्थान के ख़िलाफ़ ज़िला आयोग में मुकदमा किया और 28,000 रुपये लौटाने का आदेश पाया। दोनों ने अपने अधिकार का इस्तेमाल किया, तभी उन्हें न्याय मिला।

प्रश्न 4 — शोषण के कारक (पृष्ठ 76, 79, 86–87)

  1. अकेला और बिखरा हुआ उपभोक्ता, थोड़े और शक्तिशाली उत्पादक (पृष्ठ 76)।
  2. बड़ी कंपनियों की ताक़त: मीडिया और दूसरे स्रोतों से गलत सूचना (पृष्ठ 76)।
  3. अनुचित व्यापार: कम तौल, बिना बताए शुल्क, मिलावट (पृष्ठ 76)।
  4. कमज़ोर निगरानी और कमज़ोर आंदोलन (पृष्ठ 79)।
  5. रसीद न मिलना, और ज़्यादातर खरीद छोटी फुटकर दुकानों से (पृष्ठ 86)।
  6. उपभोक्ता ज्ञान का धीरे फैलना (पृष्ठ 87)।

जाँचते समय: प्रश्न “कारक” पूछता है, यानी शोषण क्यों हो पाता है। केवल शोषण के तरीके गिनाने वाला उत्तर आधा है।

नमूना उत्तर — शोषण इसलिए हो पाता है कि उपभोक्ता अकेला और बिखरा हुआ है, जबकि उत्पादक थोड़े और ताक़तवर हैं। बड़ी कंपनियाँ मीडिया से गलत सूचना फैला सकती हैं। नियमों की निगरानी ठीक से नहीं होती और उपभोक्ता आंदोलन बहुत मज़बूत नहीं है। ज़्यादातर खरीद पर रसीद नहीं मिलती, इसलिए सबूत नहीं रहता, और लोगों को अपने अधिकारों की जानकारी भी कम है।

5 से 8 तक के प्रश्न — उत्तर के मुख्य बिंदु

प्रश्न 5 — कोपरा की ज़रूरत (पृष्ठ 76–78, 84, 86)

  1. पहले शोषण से बचाने की कोई कानूनी व्यवस्था नहीं थी; असंतुष्ट उपभोक्ता बस उस ब्रांड या दुकान से खरीदना बंद कर देता था (पृष्ठ 77)।
  2. कम तौल, मिलावट और झूठे दावे आम थे (पृष्ठ 76–77)।
  3. आंदोलन ने कंपनियों और सरकार पर दबाव डाला, और 1986 में कोपरा बना (पृष्ठ 78)।
  4. कानून से उपभोक्ता को अधिकार मिले (पृष्ठ 86) और शिकायत के लिए त्रिस्तरीय आयोग बने (पृष्ठ 84)।

जाँचते समय: “ज़रूरत क्यों पड़ी” का उत्तर पहले की कमी से शुरू हो, कानून के फ़ायदों से नहीं।

नमूना उत्तर — कोपरा से पहले उपभोक्ता को शोषण से बचाने की कोई कानूनी व्यवस्था नहीं थी। ठगा गया उपभोक्ता बस उस दुकान से खरीदना छोड़ सकता था, और सावधानी की ज़िम्मेदारी उसी की मानी जाती थी। कम तौल और मिलावट जैसे शोषण आम थे। उपभोक्ता आंदोलन के दबाव से 1986 में यह कानून बना, जिससे उपभोक्ताओं को अधिकार मिले और शिकायत के लिए ज़िला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आयोग बने।

प्रश्न 6 — उपभोक्ता के कर्त्तव्य (पृष्ठ 80, 85–86, 89)

  1. रसीद माँगना और सँभालकर रखना (पृष्ठ 86, 89)।
  2. पैकेट की जानकारी और अधिकतम खुदरा मूल्य देखना; उससे अधिक न देना (पृष्ठ 80)।
  3. गुणवत्ता के चिह्न और समाप्ति तिथि जाँचना (पृष्ठ 85, 89)।
  4. वज़न ख़ुद जाँचना; बाट की जगह पत्थर से तौलने का विरोध (पृष्ठ 89)।
  5. दाम की तुलना करना, लुभाने वाले प्रस्तावों पर तुरंत न रीझना (पृष्ठ 82, 89)।
  6. ठगे जाने पर चुप न रहना; विक्रेता से शिकायत, ज़रूरत हो तो आयोग (पृष्ठ 82, 89)।

जाँचते समय: ये बातें अध्याय के अलग-अलग पन्नों और पृष्ठ 89 की प्रश्नावली से निकलती हैं। कोई भी चार ठीक बातें पूरे अंक के लायक मानिए।

नमूना उत्तर — बाज़ार में हर खरीद की रसीद माँगिए और सँभालकर रखिए। पैकेट पर अवयव, अंतिम तिथि और अधिकतम खुदरा मूल्य देखिए, और उससे अधिक मत दीजिए। गुणवत्ता का चिह्न और वज़न जाँचिए। लुभाने वाले प्रस्ताव पर तुरंत मत रीझिए, और ठगे जाने पर चुप रहने के बजाय शिकायत कीजिए।

प्रश्न 7 — शहद और बिस्कुट पर चिह्न (पृष्ठ 80, 85; प्रश्न 12)

  1. गुणवत्ता का प्रमाणक चिह्न: खाने की चीज़ों के लिए एगमार्क (प्रश्न 12 इसे अनाजों और खाद्य तेल का प्रमाण कहता है) या आई.एस.आई.।
  2. पोषक तत्व मिलाए गए हों, तो फोर्टिफिकेशन का लोगो, यानी खाद्य पदार्थ में मुख्य पोषक तत्व मिलाए गए हैं (पृष्ठ 85, प्रश्न 12)।
  3. क्यों: संगठन लोगो लगाने की अनुमति तभी देते हैं, जब उत्पादक श्रेष्ठ गुणवत्ता का पालन करे (पृष्ठ 85)।
  4. साथ में पैकेट की बाकी जानकारी: अवयव, निर्माण की तारीख, अंतिम तिथि, अधिकतम खुदरा मूल्य, बनाने वाले का पता (पृष्ठ 80)।

जाँचते समय: प्रश्न “क्यों” भी पूछता है। केवल चिह्न का नाम लिखने वाला उत्तर आधा है।

नमूना उत्तर — मैं बोतल और पैकेट पर एगमार्क या आई.एस.आई. जैसा गुणवत्ता का प्रमाणक चिह्न देखूँगा। अगर उसमें पोषक तत्व मिलाए गए हैं, तो फोर्टिफिकेशन का लोगो भी देखूँगा। ये चिह्न इसलिए भरोसा दिलाते हैं कि प्रमाण देने वाले संगठन लोगो तभी लगाने देते हैं, जब उत्पादक श्रेष्ठ गुणवत्ता का पालन करे। साथ में मैं अंतिम तिथि और अधिकतम खुदरा मूल्य भी देखूँगा।

प्रश्न 8 — सरकार के कानूनी मानदंड (पृष्ठ 78–87)

  1. कोपरा, 1986, और 2019 में उसका संशोधन (पृष्ठ 78)।
  2. ज़िला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर के आयोग, अपील की सुविधा के साथ (पृष्ठ 84)।
  3. 2019 का संशोधन: इंटरनेट से खरीद भी शामिल; सेवा प्रदाता और निर्माता ज़िम्मेदार; तटस्थ मध्यस्थ से निपटारे को बढ़ावा (पृष्ठ 87)।
  4. सूचना के नियम: पैकेट पर अवयव, तिथि, अधिकतम खुदरा मूल्य; और सन् 2005 के अक्टूबर से सूचना पाने का अधिकार कानून (पृष्ठ 80)।
  5. कुछ वस्तुओं के लिए अनिवार्य प्रमाण, जैसे एल.पी.जी. सिलिंडर, खाद्य रंग, सीमेंट, बोतलबंद पेयजल (पृष्ठ 85)।
  6. उपभोक्ता मामलों के अलग विभाग, विज्ञापनों से जागरूकता (पृष्ठ 85), और आसान शिकायत: समूह में, इंटरनेट से, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुनवाई (पृष्ठ 82)।

जाँचते समय: अच्छा उत्तर यह भी कहता है कि कानूनों का ठीक से पालन ज़रूरी है, क्योंकि किताब के अनुसार नियमों का अक्सर पालन नहीं होता (पृष्ठ 79, 87)।

नमूना उत्तर — सरकार ने 1986 में कोपरा बनाया और 2019 में उसका संशोधन किया, जिसमें इंटरनेट से खरीद भी शामिल है और सेवा प्रदाता भी ज़िम्मेदार है। शिकायत के लिए ज़िला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आयोग हैं। पैकेट पर ज़रूरी जानकारी छापना अनिवार्य है, और एल.पी.जी. सिलिंडर जैसी वस्तुओं के लिए प्रमाण अनिवार्य है। उपभोक्ता तभी समर्थ बनेंगे, जब इन नियमों का ठीक से पालन कराया जाए।

9 से 11 तक के प्रश्न — उत्तर के मुख्य बिंदु

प्रश्न 9 — छह अधिकार (पृष्ठ 79–86)

  1. सुरक्षा: खतरनाक वस्तुओं और सेवाओं से बचाव; प्रेशर कूकर का सेफ्टी वॉल्व; रेजी (पृष्ठ 79)।
  2. सूचना: अवयव, मूल्य, बैच संख्या, तिथियाँ, पता; अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक लेने पर शिकायत (पृष्ठ 80)।
  3. चयन: बिना चाही वस्तु थोपी नहीं जा सकती; दंतमंजन के साथ ब्रश; अबिरामी (पृष्ठ 81)।
  4. निवारण: क्षति की मात्रा के आधार पर क्षतिपूर्ति; प्रकाश (पृष्ठ 82–83)।
  5. प्रतिनिधित्व: उपभोक्ता न्यायालय में अपनी बात रखना; त्रिस्तरीय आयोग (पृष्ठ 84)।
  6. उपभोक्ता शिक्षा: जागरूक बनने के लिए ज्ञान और निपुणता; सरकारी विज्ञापन (पृष्ठ 84–85)।

जाँचते समय: प्रश्न “कुछ अधिकार” पूछता है; हर अधिकार के साथ एक-दो पंक्तियाँ और हो सके तो किताब का एक उदाहरण।

नमूना उत्तर — सुरक्षा का अधिकार उपभोक्ता को जीवन और संपत्ति के लिए खतरनाक वस्तुओं से बचाता है, जैसे खराब सेफ्टी वॉल्व वाला प्रेशर कूकर। सूचना के अधिकार से वह जान सकता है कि वस्तु में क्या है, वह कब बनी और कब तक ठीक है। चयन के अधिकार के कारण कोई दुकानदार दंतमंजन के साथ ज़बरदस्ती ब्रश नहीं बेच सकता। निवारण का अधिकार नुकसान होने पर क्षति के हिसाब से क्षतिपूर्ति दिलाता है।

प्रश्न 10 — एकजुटता (पृष्ठ 77–78, 82, 84, 87)

  1. उपभोक्ता दल और उपभोक्ता संरक्षण परिषद् बनाना (पृष्ठ 77, 84)।
  2. आवासीय कॉलोनी का ‘निवासी कल्याण संघ’ सदस्य का मामला उठाए (पृष्ठ 84)।
  3. समूह में शिकायत, यानी क्लास एक्शन सूट (पृष्ठ 82)।
  4. कंपनियों और सरकार पर मिलकर दबाव, जैसा कोपरा से पहले हुआ (पृष्ठ 78)।
  5. सक्रिय भागीदारी, स्वैच्छिक प्रयास और साझा संघर्ष (पृष्ठ 87)।

जाँचते समय: हर तरीके में “मिलकर” का भाव हो। केवल “शिकायत कीजिए” अकेले उपभोक्ता का कदम है, एकजुटता का नहीं।

नमूना उत्तर — उपभोक्ता उपभोक्ता दल और परिषद् बनाकर एकजुट हो सकते हैं, जो लोगों को मुकदमा दर्ज करने का रास्ता बताती हैं और आयोग में उनका प्रतिनिधित्व करती हैं। कॉलोनी का निवासी कल्याण संघ किसी सदस्य के साथ हुई धोखाधड़ी का मामला उठा सकता है। कई उपभोक्ता मिलकर समूह में शिकायत कर सकते हैं। किताब के अनुसार आंदोलन तभी प्रभावी होगा, जब सब सक्रिय रूप से भाग लें।

प्रश्न 11 — आंदोलन की प्रगति की समीक्षा (पृष्ठ 77–78, 82, 86–87)

  1. प्रगति: 1960 के दशक का उदय, 1986 में कोपरा, 2019 में संशोधन (पृष्ठ 77–78, 87)।
  2. 24 दिसंबर राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस; उपभोक्ता समस्याओं के लिए विशिष्ट न्यायालय (पृष्ठ 86)।
  3. 2000 से अधिक उपभोक्ता संगठन; इंटरनेट, समूह और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शिकायत और सुनवाई (पृष्ठ 82, 86)।
  4. कमियाँ: केवल 50–60 संगठन पूर्ण संगठित और मान्यता प्राप्त; प्रक्रिया “जटिल, खर्चीली और समय साध्य”; रसीद नहीं मिलती (पृष्ठ 86)।
  5. कोपरा के 35 वर्ष बाद भी उपभोक्ता ज्ञान धीरे फैल रहा है, और नियमों का अक्सर पालन नहीं होता (पृष्ठ 87)।

जाँचते समय: “समीक्षा” में दोनों पक्ष चाहिए। केवल प्रगति या केवल कमियाँ लिखने वाला उत्तर अधूरा है।

नमूना उत्तर — भारत में उपभोक्ता आंदोलन 1960 के दशक में व्यवस्थित हुआ और उसके दबाव से 1986 में कोपरा बना, जिसका 2019 में संशोधन हुआ। देश में 2000 से अधिक उपभोक्ता संगठन हैं और उपभोक्ता समस्याओं के लिए अलग न्यायालय हैं। पर इनमें से केवल 50–60 संगठन ही पूरी तरह संगठित और मान्यता प्राप्त हैं, शिकायत की प्रक्रिया जटिल, खर्चीली और लंबी है, और कोपरा के 35 वर्ष बाद भी उपभोक्ता ज्ञान धीरे फैल रहा है।

12 और 13 के प्रश्न — कुंजी और कारण

प्रश्न 12 में छपी किताब की एक पंक्ति गलत खाने में छप गई है: “विकसित करने वाली एजेंसी” वाली पंक्ति बाएँ खाने में (4) के नीचे है, जबकि वह दाएँ खाने के (च) का हिस्सा है। इसलिए (4) को “ज़िला उपभोक्ता आयोग” और (च) को “वस्तुओं और सेवाओं के लिए मानक विकसित करने वाली एजेंसी” पढ़िए।

प्रश्नसही उत्तरकारण
12 (1) एक उत्पाद के घटकों का विवरण(ङ) सूचना का अधिकारपैकेट पर अवयवों की जानकारी पाना उपभोक्ता का अधिकार है (पृष्ठ 80)
12 (2) एगमार्क(ग) अनाजों और खाद्य तेल का प्रमाणएगमार्क गुणवत्ता का प्रमाणक चिह्न है (पृष्ठ 85)
12 (3) स्कूटर में खराब इंजन से दुर्घटना(क) सुरक्षा का अधिकारखतरनाक वस्तुओं से सुरक्षित रहने का अधिकार (पृष्ठ 79)
12 (4) ज़िला उपभोक्ता आयोग(ख) उपभोक्ता मामलों में संबंधज़िला स्तर पर उपभोक्ता विवाद सुनता है (पृष्ठ 84)
12 (5) फूड फोर्टिफिकेशन(छ) खाद्य पदार्थ में मुख्य पोषक तत्वों को मिलानापृष्ठ 85 पर फोर्टिफिकेशन का लोगो छपा है
12 (6) उपभोक्ता इंटरनेशनल(घ) उपभोक्ता कल्याण संगठनों की अंतर्राष्ट्रीय संस्था100 से भी अधिक देशों के 200 संस्थाओं की संरक्षक संस्था (पृष्ठ 78)
12 (7) भारतीय मानक ब्यूरो(च) वस्तुओं और सेवाओं के लिए मानक विकसित करने वाली एजेंसीआई.एस.आई. जैसे मानक (पृष्ठ 85)
13 (क) कोपरा केवल सामानों पर लागू होता हैगलतसेवाओं पर भी: रेजी का अस्पताल, अबिरामी का कोचिंग, प्रकाश का मनीऑर्डर (पृष्ठ 79–82); 2019 के संशोधन में सेवा प्रदाता भी ज़िम्मेदार (पृष्ठ 87)
13 (ख) भारत विश्व के उन देशों में से एक है, जिसके पास उपभोक्ताओं की समस्याओं के निवारण के लिए विशिष्ट प्राधिकरण हैंसहीभारत उन देशों में है जहाँ उपभोक्ता समस्याओं के लिए विशिष्ट न्यायालय हैं (पृष्ठ 86)
13 (ग) जब उपभोक्ता को ऐसा लगे कि उसका शोषण हुआ है, तो उसे ज़िला उपभोक्ता आयोग में निश्चित रूप से मुकद्दमा दायर करना चाहिएगलतपहले विक्रेता से शिकायत और परिषद् से सलाह हो सकती है, जैसे प्रकाश ने किया (पृष्ठ 82–83); 1 करोड़ से ऊपर का दावा ज़िला आयोग में नहीं जाता (पृष्ठ 84)
13 (घ) जब अधिक मूल्य का नुकसान हो, तभी उपभोक्ता आयोग में जाना लाभप्रद होता हैगलतज़िला आयोग 1 करोड़ तक के दावे सुनता है; अबिरामी को 28,000 रुपये लौटाने का आदेश मिला (पृष्ठ 81, 84)
13 (ड.) हॉलमार्क, आभूषणों की गुणवत्ता बनाए रखनेवाला प्रमाण हैसहीपृष्ठ 85 हॉलमार्क को अच्छी गुणवत्ता का भरोसा दिलाने वाले चिह्नों में गिनता है
13 (च) उपभोक्ता समस्याओं के निवारण की प्रक्रिया अत्यंत सरल और शीघ्र होती हैगलतकिताब के अनुसार यह “जटिल, खर्चीली और समय साध्य” साबित हो रही है (पृष्ठ 86)
13 (छ) उपभोक्ता को मुआवजा पाने का अधिकार है, जो क्षति की मात्रा पर निर्भर करती हैसहीक्षति की मात्रा के आधार पर क्षतिपूर्ति पाने का अधिकार (पृष्ठ 82)

कक्षा में

बच्चे कहाँ भटकते हैं — नौ आम भूलें

1. भूल: कोपरा सिर्फ़ सामान पर लागू होता है। सही बात: सेवाओं पर भी। रेजी का मामला अस्पताल की सेवा का था, अबिरामी का कोचिंग का, प्रकाश का मनीऑर्डर का; 2019 के संशोधन में सेवा प्रदाता भी ज़िम्मेदार है (पृष्ठ 79–82, 87)।

2. भूल: छोटे नुकसान पर आयोग जाना बेकार है। सही बात: ज़िला आयोग 1 करोड़ तक के दावे सुनता है, और अबिरामी को 28,000 रुपये लौटाने का आदेश ज़िला आयोग से ही मिला (पृष्ठ 81, 84)।

3. भूल: हर शिकायत ज़िला आयोग से ही शुरू होती है। सही बात: कौन-सा आयोग सुनेगा, यह दावे की रकम पर निर्भर है: 1 करोड़ तक ज़िला, 1 से 10 करोड़ तक राज्य, 10 करोड़ से ऊपर राष्ट्रीय (पृष्ठ 84)।

4. भूल: शिकायत के लिए वकील ज़रूरी है। सही बात: शिकायत वकील के साथ भी और उसके बिना भी दर्ज हो सकती है; प्रकाश ने आयोग में ख़ुद बहस की (पृष्ठ 82–83)।

5. भूल: अधिकतम खुदरा मूल्य से कम पर मोल-भाव नहीं हो सकता। सही बात: उससे अधिक लेना गलत है, पर उससे कम दाम के लिए मोल-भाव किया जा सकता है (पृष्ठ 80)।

6. भूल: हर वस्तु पर आई.एस.आई. या एगमार्क अनिवार्य है। सही बात: प्रमाण केवल उन वस्तुओं के लिए अनिवार्य है जो सुरक्षा और स्वास्थ्य पर असर डालती हैं या बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होती हैं (पृष्ठ 85)।

7. भूल: उपभोक्ता संरक्षण परिषद् और उपभोक्ता आयोग एक ही हैं। सही बात: परिषद् स्वयंसेवी संगठन है, जो सलाह देता है और प्रतिनिधित्व करता है; आयोग कोपरा के तहत बना न्यायिक तंत्र है, जहाँ जज फ़ैसला सुनाते हैं (पृष्ठ 83–84)।

8. भूल: सूचना पाने का अधिकार कानून का मतलब पैकेट पर छपी जानकारी है। सही बात: पैकेट की जानकारी उपभोक्ता के सूचना के अधिकार से जुड़ी है; सन् 2005 के अक्टूबर से लागू कानून सरकारी विभागों के कामकाज की सूचना पाने का कानून है (पृष्ठ 80)।

9. भूल: उपभोक्ता आंदोलन 1986 में शुरू हुआ। सही बात: आंदोलन 1960 के दशक में व्यवस्थित रूप में उभरा; 1986 में उसके दबाव से कानून बना (पृष्ठ 77–78)।

किताब की पंक्तियाँ जो उत्तर में काम आती हैं

ये पंक्तियाँ रटवाने के लिए नहीं हैं। बच्चा इनका भाव अपने शब्दों में लिखे, तो भी उतना ही ठीक है; पंक्ति इसलिए दी है कि आप जाँचते समय किताब का आधार देख सकें।

पंक्तिपृष्ठकहाँ काम आती है
“बाज़ार में भी उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए नियम एवं विनियमों की आवश्यकता होती है, क्योंकि अकेला उपभोक्ता प्राय: स्वयं को कमजोर स्थिति में पाता है।”76प्रश्न 1, 4
‘सामाजिक बल’77प्रश्न 2
“इन नियमों का पर्यवेक्षण उचित रूप से नहीं हो रहा है और उपभोक्ता आंदोलन भी बहुत ज्यादा मजबूत नहीं है।”79प्रश्न 4, 8
“यदि एक उपभोक्ता को कोई क्षति पहुँचाई जाती है, तो क्षति की मात्रा के आधार पर उसे क्षतिपूर्ति पाने का अधिकार होता है।”82प्रश्न 9, 13 (छ)
“इस प्रकार, अधिनियम ने उपभोक्ता के रूप में उपभोक्ता न्यायालय में प्रतिनिधित्व का अधिकार देकर हमें समर्थ बनाया है।”84प्रश्न 8, 9
“सभी उत्पादकों का इन मानदण्डों का पालन करना जरूरी नहीं होता।”85प्रश्न 7, पृष्ठ 86 का कार्यकलाप 5
“जटिल, खर्चीली और समय साध्य”86प्रश्न 11, 13 (च)
“स्वैच्छिक प्रयास और सबकी साझेदारी से युक्त संघर्ष की जरूरत है।”87प्रश्न 10, 11

बच्चे ये सवाल पूछेंगे — किताब के अपने सवाल

पृष्ठ 75 — “जब उन्हें लगा कि उनके साथ गलत हुआ है, तो विक्रेताओं से यथोचित व्यवहार प्राप्त करने के लिए वे अपने उपभोक्ता अधिकार का प्रयोग कैसे कर सकते हैं?”

नमूना उत्तर — यही पूरे अध्याय का सवाल है। अभी इसका पूरा उत्तर मत दीजिए; बच्चों से उनके अनुमान लिखवाकर रख लीजिए और पृष्ठ 84 पर अरिता का मामला पढ़ने के बाद मिलाइए: पहले विक्रेता से शिकायत, फिर सलाह, फिर बिल और वारंटी के साथ आयोग।

पृष्ठ 80 — “आखिर ऐसे नियम क्यों बनाये गए हैं कि वस्तु बनाने वाले को ये जानकारियाँ देनी पड़ती हैं?”

नमूना उत्तर — किताब अगली ही पंक्ति में उत्तर देती है: उपभोक्ता को जो वस्तु या सेवा वह खरीदता है, उसके बारे में सूचना पाने का अधिकार है। जानकारी हो, तभी वह खराबी पर शिकायत कर सकता है और मुआवज़ा या वस्तु बदलने की माँग कर सकता है (पृष्ठ 80)।

पृष्ठ 81 — “हम इस घटना से क्या समझते हैं?”

नमूना उत्तर — अबिरामी के मामले से किताब चुनने के अधिकार पर आती है: कोई भी उपभोक्ता, किसी भी आयु या लिंग का, कोई भी सेवा लेते हुए हमेशा चुन सकता है। किताब यह भी बताती है कि राज्य आयोग ने संस्थानों को पूरे साल की फ़ीस एडवांस में लेने से मना किया (पृष्ठ 81)। हमारी ओर से: पहले ली गई फ़ीस न लौटे, तो विद्यार्थी दूसरी जगह चुन ही नहीं पाता; इसीलिए यह मामला चुनने के अधिकार का है।

पृष्ठ 82 — “इन उपभोक्ताओं को न्याय पाने के लिए कहाँ जाना चाहिए?”

नमूना उत्तर — किताब इसका उत्तर प्रकाश के मामले से देती है: उपभोक्ता संरक्षण परिषद् से सलाह, फिर दावे की रकम के हिसाब से ज़िला, राज्य या राष्ट्रीय आयोग (पृष्ठ 82–84)। यहाँ बच्चों से रेजी और अबिरामी के मामले दोबारा पढ़वाइए, जैसा किताब कहती है।

पृष्ठ 85 — “अधिकारों के प्रति सचेत कैसे हों?”

नमूना उत्तर — किताब यहाँ पृष्ठ 84 और 85 के सरकारी विज्ञापन दिखाती है और गुणवत्ता के चिह्नों की बात करती है। बच्चों से पूछिए कि हर विज्ञापन कौन-सा अधिकार सिखा रहा है, और घर की किसी वस्तु पर कौन-सा चिह्न है।

सावधानी

  • किताब की सीमाएँ और आज के नियम। आयोगों की 1 करोड़ और 10 करोड़ की सीमाएँ किताब की हैं। उत्तर में यही लिखवाइए; बच्चा आज के नियम पूछे, तो अतिरिक्त सामग्री दिखाइए।
  • पोस्टर की बातें। पृष्ठ 84 और 85 के पोस्टरों पर छपे हेल्पलाइन के घंटे और वेबसाइट आज के नहीं हैं। आज फ़ोन से शिकायत कैसे करें, यह अतिरिक्त सामग्री में है।
  • समिति और आयोग। पृष्ठ 79 के बॉक्स में “समिति” छपा है; बच्चे आयोग लिखें तो सही मानिए।
  • हमारी ओर से — दुकानदार खलनायक नहीं। अध्याय शोषण की बात करता है, पर कक्षा में हर दुकानदार को ठग मत बनाइए। बहुत-से बच्चों के घर में दुकान है। बात व्यवहार की कीजिए, किसी पेशे की नहीं।
  • हमारी ओर से — घर की बातें निजी हैं। पृष्ठ 89 की प्रश्नावली और परियोजना 5 की बातचीत में किसी परिवार का नाम या उसकी ठगी सबके सामने मत पढ़िए।
  • कंपनियों के नाम। किताब शिशुओं के दूध वाली कंपनी या सिगरेट कंपनियों का नाम नहीं लेती। कक्षा में भी नाम मत जोड़िए; बात तरीके की है।

समय कम हो तो — छह बातें जो हर बच्चे तक पहुँचें

  1. बाज़ार में अकेला उपभोक्ता कमज़ोर होता है, इसलिए नियम चाहिए (पृष्ठ 76)।
  2. उपभोक्ता आंदोलन 1960 के दशक में व्यवस्थित हुआ; उसके दबाव से 1986 में कोपरा बना, जिसका 2019 में संशोधन हुआ (पृष्ठ 77–78)।
  3. कोपरा के छह अधिकार: सुरक्षा, सूचना, चयन, निवारण, प्रतिनिधित्व और उपभोक्ता शिक्षा, हर एक किताब के किसी मामले के साथ (पृष्ठ 79–86)।
  4. शिकायत के लिए ज़िला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर के आयोग; दावे की रकम तय करती है कि कौन-सा आयोग सुनेगा, और फ़ैसले के ख़िलाफ़ अगले स्तर पर अपील हो सकती है (पृष्ठ 84)।
  5. आई.एस.आई., एगमार्क और हॉलमार्क जैसे चिह्न गुणवत्ता का भरोसा दिलाते हैं, पर प्रमाण केवल कुछ वस्तुओं के लिए अनिवार्य है (पृष्ठ 85)।
  6. अभी बहुत कुछ बाकी है: प्रक्रिया जटिल और खर्चीली है, रसीद नहीं मिलती, ज्ञान धीरे फैल रहा है; आंदोलन उपभोक्ताओं की सक्रिय भागीदारी से ही प्रभावी होगा (पृष्ठ 86–87)।

अभ्यास के लिए: प्रश्न बैंक, फ़्लैशकार्ड और क्विज़।